रायगढ़। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम और सरकार के मंत्रियों के चिंतन शिविर को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और जो लोग इस बात को नहीं समझते, उनकी सोच पर तरस आता है।
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बार-बार ऐसे बयान देती है जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह मुद्दाविहीन राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्वयं अपने जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ऐसे में सरकार के प्रशिक्षण और चिंतन शिविर पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
कांग्रेस मुद्दाविहीन, मीडिया की राजनीति कर रही : अरुण साव
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में शामिल कांग्रेस को भी प्रशिक्षण की आवश्यकता पड़ रही है और उनके नेता प्रशिक्षण देने आ रहे हैं। इसके बावजूद यदि वे सरकार के मंत्रियों के चिंतन शिविर पर सवाल उठा रहे हैं तो यह केवल राजनीतिक बयानबाजी है।
यह भी पढ़ें: ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 युवाओं ने UPSC प्रीलिम्स में लहराया परचम, ……….. आगे पढ़ें
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल मीडिया में बने रहने के लिए बयान देती रहती है। जनता पर ऐसे बयानों का कोई प्रभाव पड़ने वाला नहीं है।
अरुण साव ने कहा कि हर व्यक्ति जीवनभर सीखता रहता है और सीखने की इच्छा ही व्यक्ति को आगे बढ़ाती है। जिस दिन सीखने की चाह समाप्त हो जाती है, उस दिन विकास की संभावनाएं भी समाप्त हो जाती हैं।
‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ से हर पात्र हितग्राही तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
उपमुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, लेकिन जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से कई पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं।
यह भी पढ़ें: NEET UG 2026 अभ्यर्थियों के लिए सिम्स की बड़ी पहल, 24×7 मानसिक स्वास्थ्य ……….. आगे पढ़ें
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 31 विभिन्न योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी जिन्हें अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है और उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने यह बड़ा निर्णय लिया है और सभी मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए।
विश्व योग दिवस पर लोगों से की सहभागिता की अपील
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भी लोगों से कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग भारत की उस विरासत का प्रतीक है जिसे पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है।
यह भी पढ़ें: राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई में महिलाओं को मिली राहत, रोजगार ……….. आगे पढ़ें
उन्होंने बताया कि दुनिया के 180 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ में भी राज्य सरकार द्वारा सभी जिला मुख्यालयों में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला मुख्यालयों में होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम
अरुण साव ने कहा कि सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक विभिन्न जिलों में पहुंचकर लोगों के साथ योग करेंगे।
उन्होंने कहा कि विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठन भी योग कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। योग दिवस का उद्देश्य लोगों को योग के महत्व से अवगत कराना और उसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे योग को अपने जीवन में जरूर शामिल करें और योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
