बलरामपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे के दौरान विभागीय निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बलरामपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, वनमंडलाधिकारी श्री आलोक बाजपेई, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, सेतु निर्माण, सड़क एवं भवन निर्माण तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
धीमी प्रगति पर नाराजगी, ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
बैठक के दौरान सचिव श्री बंसल ने कई परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और ठेकेदारों के साथ समन्वय बनाकर परियोजनाओं को गति दी जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन ठेकेदारों द्वारा समय पर कार्य नहीं किया जा रहा है, उन्हें नोटिस जारी किया जाए और आवश्यक होने पर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाए।
प्रमुख सड़क और भवन परियोजनाओं की समीक्षा
समीक्षा बैठक में बलरामपुर-रामानुजगंज-सनावल मार्ग, कामेश्वरनगर, कपिलदेवपुर, गणेश मोड़, जनकपुर, रमेशपुर-शंकरपुर, चंपा-बाद और कुसमी-कोरंधा मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
इसके अलावा विभिन्न शासकीय भवनों, अधोसंरचना परियोजनाओं और शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिकता वाले सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
राष्ट्रीय राजमार्ग-343 और कंठी घाट का किया निरीक्षण
बैठक के बाद श्री मुकेश कुमार बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग-343 और कंठी घाट क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
PWD सचिव ने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले नाली निर्माण और जल निकासी से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि बरसात के दौरान आवागमन प्रभावित न हो और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सड़क सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान श्री बंसल ने सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों में सड़क सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और जनता को सुरक्षित एवं बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से जवाबदेही के साथ कार्य करने और विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की अपेक्षा जताई।
