रायपुर।
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai हैदराबाद में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान वे देश के प्रमुख उद्योग समूहों, निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों के समक्ष छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, निवेश अनुकूल वातावरण और राज्य में उपलब्ध व्यापक निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।
मुख्यमंत्री साय निवेशकों को बताएंगे कि राज्य सरकार ने उद्योग स्थापना से जुड़ी प्रक्रियाओं को पहले की तुलना में अधिक सरल, पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल बनाया है। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से उद्योगों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ निवेशकों को त्वरित अनुमतियां और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राज्य में उद्योग, अधोसंरचना, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), खाद्य प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स और खनिज आधारित उद्योगों के क्षेत्र में निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए राज्य की औद्योगिक क्षमता और विकास संभावनाओं से अवगत कराएंगे।
मुख्यमंत्री की निवेश प्रोत्साहन पहल के तहत इससे पहले अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु सहित जापान और दक्षिण कोरिया में भी निवेशक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच छत्तीसगढ़ के प्रति आकर्षण बढ़ा है।

राज्य सरकार के अनुसार नई उद्योग नीति और निवेशक-अनुकूल निर्णयों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। हैदराबाद में आयोजित यह कार्यक्रम निवेशकों के साथ संवाद को आगे बढ़ाने और नए निवेश अवसरों को आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
