अंबिकापुर।
वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सरगुजा जिले में नई पहल की शुरुआत हुई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा स्थापित ‘सियान गुड़ी’ (वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर) का शुभारंभ सोमवार को वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की उपस्थिति में किया।
शुभारंभ अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और सुखद जीवन को ध्यान में रखते हुए सियान गुड़ी की स्थापना की गई है, जहां उन्हें आवश्यक सुविधाओं के साथ आत्मीय और सकारात्मक वातावरण मिलेगा।

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बदलती जीवनशैली और व्यस्तता के दौर में कई बार बुजुर्ग स्वयं को अकेला महसूस करते हैं। ऐसे में सियान गुड़ी सामाजिक जुड़ाव, स्वास्थ्य संरक्षण और मनोरंजन का प्रभावी माध्यम बनेगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र में योग एवं प्राणायाम, फिजियोथेरेपी, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, पुस्तकालय, पारिवारिक परामर्श, सांस्कृतिक गतिविधियां, इंडोर गेम्स, स्वल्पाहार और भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।25 सीट क्षमता वाले इस डे-केयर सेंटर का संचालन सप्ताह में छह दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम और लूडो खेलकर आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर बुजुर्गों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर और छड़ी भी वितरित की गई। यह पहल बुजुर्गों के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।मनेंद्रगढ़ रोड स्थित इस डे-केयर सेंटर का संचालन समाज कल्याण विभाग के सहयोग से अनामिका वेलफेयर सोसायटी, अंबिकापुर द्वारा किया जाएगा। यहां 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक दिनभर विभिन्न स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का लाभ उठा सकेंगे।
कार्यक्रम में विधायक श्री प्रबोध मिंज, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
