रायपुर।
रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि देशभक्ति से बड़ा कोई जीवन नहीं होता। जो देश के लिए जीना सीख जाता है, वह अपने कार्यों और योगदान से देश को जीवंत बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के त्याग और समर्पण के कारण ही नागरिक सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं।
सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल रविवार को जय श्री राम निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं सेवा संस्थान द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर अग्निवीर, छत्तीसगढ़ पुलिस और सहायक विस्तार अधिकारी पदों पर चयनित युवाओं को सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वन मंत्री केदार कश्यप ने किया पद्मश्री …………आगे पढ़ें

समारोह में सांसद ने विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित युवाओं में साहिल ध्रुव, हरीश यदु और पवन जायसवाल (अग्निवीर), पोखराज वर्मा (सहायक विस्तार अधिकारी) तथा कुलदीप इसदा (छत्तीसगढ़ पुलिस) शामिल रहे।
सांसद ने सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।संस्थान द्वारा युवाओं को दिए जा रहे निःशुल्क प्रशिक्षण की सराहना करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रशिक्षण और खेल सामग्री की व्यवस्था के लिए सांसद निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
यह भी पढ़ें: हाथियों के संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती, रायगढ़ में वन्यजीव फोरेंसिक प्रशिक्षण सम्पन्न …………आगे पढ़ें

उन्होंने कहा कि बेहतर संसाधन उपलब्ध होने से अधिक संख्या में युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा और वे विभिन्न सरकारी सेवाओं में सफलता प्राप्त कर सकेंगे।संस्थान के अध्यक्ष पन्ना लाल सिन्हा ने बताया कि जय श्री राम निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं सेवा संस्थान की स्थापना 15 अगस्त 2020 को की गई थी। संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर अब तक 91 युवाओं का चयन सेना, पुलिस तथा अन्य सरकारी सेवाओं में हो चुका है।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को अनुशासन, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ना है।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रशिक्षुओं, उनके परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।अपने संबोधन में श्री अग्रवाल ने कहा कि सैन्य प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि अनुशासित, राष्ट्रभक्त और शारीरिक रूप से सक्षम युवाओं का निर्माण करना है।
