कोंडागांव।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने शनिवार को रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय मार्ग पर निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बायपास के दोनों छोरों का जायजा लिया तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि केशकाल घाट बायपास बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज होगा। उन्होंने कहा कि बायपास का जल्द निर्माण पूरा कर यातायात शुरू कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
यह भी पढ़ें: उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा बोड़ला के सुशासन तिहार में सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं ………आगे पढ़ें

उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करते हुए तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग द्वारा केशकाल घाट फोरलेन बायपास का निर्माण लगभग 308 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह बायपास 11.38 किलोमीटर लंबा होगा, जिससे केशकाल घाट क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

परियोजना के तहत मार्ग पर दो वृहद पुल और दो मध्यम पुलों का भी निर्माण किया जाएगा। बायपास तैयार होने के बाद रायपुर से जगदलपुर के बीच आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने दौरे के दौरान कोंडागांव जिले में केशकाल से सलना तक चल रहे सड़क मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री साव ने कहा कि सड़क अवसंरचना के विकास से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री बेड़मा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।
