कबीरधाम।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा शुक्रवार को कबीरधाम जिले के बोड़ला नगर पंचायत में आयोजित सुशासन तिहार में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए तथा विभिन्न हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि बोड़ला क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया है। वहीं 1.50 करोड़ रुपये की लागत से तालाब सौंदर्यीकरण कार्य को भी स्वीकृति मिली है।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी परियोजनाएं केवल वर्तमान के लिए नहीं बल्कि आने वाली कई पीढ़ियों के बेहतर स्वास्थ्य और भविष्य की मजबूत नींव होती हैं। मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है और प्रत्येक शुक्रवार को इसकी प्रगति का आकलन किया जाता है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए तरेगांव जंगल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 2.50 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उन्नत किया जाएगा। इसके अलावा राजा नवागांव के सब सेंटर को 75 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में अपग्रेड किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भोरमदेव कॉरिडोर के अंतर्गत भोरमदेव मंदिर परिसर, मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुंवा तथा सरोदा बांध के उन्नयन का कार्य किया जा रहा है। परियोजना के तहत संग्रहालय निर्माण, सरोवर सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों के लिए विश्राम स्थलों जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए स्वदेश दर्शन योजना से 146 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रिकॉर्ड गति से आवास निर्माण कार्य पूरे किए हैं। पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 10 लाख 60 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए हैं, जो देश में सर्वाधिक है।
उन्होंने बताया कि जनवरी 2025 से अक्टूबर 2025 के बीच प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 2,000 आवासों का निर्माण पूरा हुआ, जो राष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक था। वर्तमान में भी प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवास पूर्ण किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
