सूरजपुर।
जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जयनगर थाना और लटोरी चौकी पुलिस की सतर्कता से सिलफिली बटालियन के पास बस के माध्यम से गांजा तस्करी करने वाले आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई में 7 महिलाओं सहित बस चालक को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार गिरफ्तार सभी महिलाएं मध्य प्रदेश के कटनी जिले की निवासी बताई जा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि महिलाओं के साथ उनके चार दुधमुंहे बच्चे भी मौजूद थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं बच्चों की आड़ लेकर गांजा तस्करी जैसे अवैध कारोबार को अंजाम देने की कोशिश कर रही थीं, ताकि उन पर किसी को संदेह न हो।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध बस की जांच की, जहां से गांजा बरामद किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। मामले में बस चालक की भूमिका भी संदिग्ध पाए जाने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था तथा इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सूरजपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
