जांजगीर-चांपा |
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाना परसाही में धान मिसाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक ट्रैक्टर में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरा खलिहान और फसल जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार किसान सत्तर सिंह कंवर अपने खेत में थ्रेसर मशीन से धान की मिसाई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर के इंजन से निकली चिंगारी ने पास रखी सूखी धान की फसल को पकड़ लिया। सूखी फसल होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इस घटना में ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर राख हो गया और खेत में रखी पूरी धान की फसल भी नष्ट हो गई।
घटना से किसान परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। महिला किसान रूप कुमारी कंवर ने बताया कि उन्होंने लगभग एक एकड़ में धान की फसल लगाई थी जो पूरी तरह जल गई। उन्होंने शासन-प्रशासन से मुआवजे की मांग की है ताकि वे अपनी आजीविका फिर से शुरू कर सकें।
रूप कुमारी कंवर, महिला किसान ने बताया कि “हमारी पूरी फसल जल गई है, अब हमारे पास कुछ भी नहीं बचा है। सरकार से मदद की उम्मीद है।”
वहीं किसान सत्तर सिंह कंवर ने कहा कि “धान मिसाई के दौरान अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में सब खत्म हो गया।”
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण पीड़ित परिवार की मदद में जुटे हुए हैं। प्रशासन से राहत और मुआवजे की मांग की जा रही है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
