रायपुर, 23 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रख्यात शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. कालीचरण यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव ने अपना संपूर्ण जीवन छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, कला और समृद्ध परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित किया। उनके निधन से प्रदेश के कला, साहित्य और संस्कृति जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकनृत्य विधा राउत नाचा को महोत्सव का स्वरूप देने और उसे राष्ट्रीय मंच के साथ अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में डॉ. कालीचरण यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपनी सांस्कृतिक साधना और अथक प्रयासों से प्रदेश की लोकपरंपराओं को नई पहचान दिलाई। राउत नाचा सहित लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
