रायपुर, 23 नवंबर 2026
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा गंभीर सामाजिक समस्याएं हैं, जिन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कानूनों का सख्ती से पालन, संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों की सक्रियता और समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। घरेलू हिंसा को सामान्य घटना मानकर किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि ऐसे मामलों का निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ निराकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने समुदाय और स्वयंसेवी संगठनों से भी जागरूकता बढ़ाने तथा पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।

राज्यपाल श्री डेका सोमवार को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषयक प्रशिक्षण सह कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी आज गंभीर और खतरनाक रूप ले चुकी है। यह समस्या केवल लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव अंगों की मांग के कारण भी इससे जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि पहले संयुक्त परिवारों की व्यवस्था अधिक थी, जबकि अब एकल परिवारों की संख्या बढ़ रही है। घरेलू हिंसा पहले भी होती थी और आज भी हो रही है। अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी परिस्थितियां भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा का शिकार केवल गृहिणियां ही नहीं, बल्कि बाहर जाकर काम करने वाली महिलाएं भी होती हैं। इसके दुष्प्रभाव व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज पर पड़ते हैं। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सामाजिक जागरूकता, पारिवारिक नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सामाजिक वातावरण को मजबूत करना आवश्यक है। पारिवारिक या मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जुड़े मामलों में उचित काउंसलिंग की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि घरेलू हिंसा से संबंधित प्रत्येक मामले में तथ्यों और परिस्थितियों को समझते हुए कानून के दायरे में निष्पक्ष एवं उचित कार्रवाई होनी चाहिए। इस दिशा में पुलिस, न्यायपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने मीडिया को समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इस विषय पर जिम्मेदारीपूर्वक भूमिका निभाने की बात कही।
श्री डेका ने कार्यशाला में होने वाले विचार-विमर्श और उससे निकलने वाले निष्कर्षों को धरातल पर लागू करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल चर्चा करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि कार्यशाला में तय किए गए सुझावों और उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करना होगा।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने घरेलू हिंसा के प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष रूप से उपस्थित थीं। कार्यशाला में राज्य महिला आयोग की सदस्य, पुलिस, न्यायपालिका तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
