रायपुर, 23 नवंबर 2026
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। देश में भाषा, खानपान, वेशभूषा और रहन-सहन में भिन्नता होने के बावजूद हम सभी एक हैं। यही आपसी जुड़ाव, आत्मीयता और एकता भारत की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव के प्रति सम्मान रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
श्री साव नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं से मुलाकात कर रहे थे। त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए इन युवाओं ने सात दिवसीय प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन युवाओं ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसका नेतृत्व करने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी। देश के युवाओं में वह योग्यता, क्षमता और आत्मविश्वास है, जिसके बल पर भारत को विश्व में अग्रणी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सात दिनों के इस शिविर से युवा केवल अनुभव लेकर नहीं लौट रहे हैं, बल्कि ऐसी अनमोल पूंजी लेकर जा रहे हैं, जो जीवनभर उनके काम आएगी। यहां बने आपसी संबंध और मित्रता उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करने की ताकत और आत्मविश्वास देंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं ने सात दिनों में केवल 200 दोस्त नहीं बनाए, बल्कि देशभर में 200 नए परिवारों से रिश्ते जोड़े हैं।

श्री साव ने कहा कि हर 20 से 25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और वेशभूषा बदल जाती है, लेकिन इन विविधताओं के बावजूद देश की एकता अटूट है। भाषा और भूगोल कभी हमारी एकता की सीमा नहीं रहे। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करना ही ‘वंदे मातरम शिविर’ का मूल उद्देश्य है। युवाओं के बीच आपसी जुड़ाव और देश के प्रति समर्पण जितना मजबूत होगा, भारत उतना ही सशक्त बनेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी शक्ति युवा हैं। यदि युवा एकजुट होकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए कार्य करें, तो भारत को विश्व गुरु बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ युवाओं को अपनी संस्कृति, सभ्यता, संस्कार, अध्यात्म और परंपराओं का ज्ञान भी होना चाहिए। देश की समृद्ध विरासत और नई पीढ़ी की प्रतिभा मिलकर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।

युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में चुनौतियां हर कदम पर आती हैं। सफलता उसी को मिलती है, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस हो। कठिनाइयों और निराशा से घबराने के बजाय संघर्ष करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिविर से मिली ऊर्जा, उत्साह और वंदे मातरम की भावना को जीवनभर बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी उपस्थित थे।
मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय ‘वंदे मातरम शिविर’ में छह राज्यों के कुल 150 युवाओं ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा-भाव और आधुनिक जीवन-कौशल विकसित करना था। इसके साथ ही डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता जैसे समसामयिक विषयों पर भी युवाओं को जागरूक किया गया। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के अनुरूप विभिन्न राज्यों की संस्कृति, खानपान और परंपराओं को साझा करने के अवसर भी दिए गए।

छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने सिरपुर, नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन और विधानसभा का भ्रमण किया। इन स्थलों के माध्यम से उन्होंने प्रदेश की संस्कृति, कला, इतिहास और पुरातात्विक विरासत को समझा। युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए एक-दूसरे के राज्यों की परंपराओं को भी जाना। रायपुर स्थित ‘सियान गुड़ी’ वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह में उन्होंने बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराध और उद्यमिता पर आयोजित संवादात्मक सत्रों में भी युवाओं ने हिस्सा लिया।
शिविर के दौरान जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह) की झलकियों, रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य महोत्सव का आयोजन किया गया। खाद्य महोत्सव में अलग-अलग राज्यों के व्यंजनों के माध्यम से युवाओं को देश की विविध खानपान परंपराओं और सांस्कृतिक विशेषताओं से परिचित होने का अवसर मिला।
