रायपुर, 23 नवंबर 2026
पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के पैर में चोट लगने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके बेहतर उपचार के लिए विशेष संवेदनशीलता दिखाई। मुख्यमंत्री उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर आए, जहां बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई। मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उन्हें नंदकुमार साय के निवास के समीप आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान वे रात में उनके निवास पहुंचे और मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी। आज उन्हें भी रायपुर आना था, इसलिए उन्होंने नंदकुमार साय को अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके समुचित उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था की गई है।
