रायपुर, 23 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। इनका उन्मूलन केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को एकजुट होकर काम करना होगा। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के विरुद्ध सामूहिक संकल्प लेकर इसे जनआंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये दोनों विषय महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से सीधे जुड़े हैं। इन पर सार्थक चर्चा के लिए न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों के अनुभवी प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना सराहनीय पहल है। उन्होंने राज्य महिला आयोग के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कार्यशाला में सामने आए विचार और सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में उपयोगी होंगे।
भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान की परंपरा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है, ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’। अर्थात जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल शासन का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मानव तस्करी की रोकथाम के लिए जागरूकता और सतर्कता को आवश्यक बताते हुए मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि एक समय जिले में मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी, लेकिन सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से इसमें कमी आई है। उन्होंने आगाह किया कि मानव तस्करी के कई मामलों में परिचित व्यक्ति ही नौकरी या बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को अपने जाल में फंसाते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवार और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे पिछले 30 से 35 वर्षों से जनसेवा में सक्रिय हैं। लगभग 20 वर्षों तक सांसद के रूप में दिल्ली में रहने के दौरान मानव तस्करी के अनेक मामले उनके सामने आए। ऐसे मामलों में आवश्यक पहल कर कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में उन्होंने सहयोग किया। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान ने भी बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति देशभर में जागरूकता बढ़ाई है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश में उपलब्ध संस्थागत व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। इन केंद्रों में हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा महिलाओं और बेटियों की सहायता के लिए 24 घंटे संचालित महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 112 की व्यवस्था है। शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई है और पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘अभिव्यक्ति ऐप’ के माध्यम से भी महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। योजना की अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और 68 लाख से अधिक माताएं-बहनें इसका लाभ ले रही हैं। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि विशेषकर ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन रही है। महिलाएं इस राशि से अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने के साथ परिवार की आवश्यकताओं में भी योगदान दे रही हैं। कई महिलाओं ने इस सहायता का उपयोग कर सिलाई-कढ़ाई, सब्जी दुकान और अन्य छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए लखपति दीदी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
कार्यशाला के निष्कर्षों को व्यवहार में लागू करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को टीम भावना के साथ काम करना होगा। कार्यशाला की वास्तविक सार्थकता तभी होगी, जब यहां हुए विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को धरातल पर उतारकर महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित तथा सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
