लखनपुर, 11 नवंबर 2026। जनजातीय लोक संस्कृति, परंपरा और कला के रंगों से बुधवार को लखनपुर का साक्षरता मिनी स्टेडियम सराबोर नजर आया। जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव ‘करमा महोत्सव’ में पारंपरिक लोकगीतों और मांदर की गूंजती थाप ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे जनजातीय कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल भी कलाकारों के साथ करमा नृत्य में शामिल हुए और जनजातीय संस्कृति के प्रति अपनी आत्मीयता और उत्साह प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककला, संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि करमा महोत्सव जैसे आयोजन जनजातीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा और पारंपरिक कला प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। ऐसे आयोजनों से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलती है और युवा पीढ़ी भी अपनी परंपराओं से जुड़ती है।
मंत्री श्री अग्रवाल ने महोत्सव में शामिल सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता दलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कलाकारों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उनका कलाकारों के साथ करमा नृत्य में शामिल होना आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।
महोत्सव में लखनपुर विकासखंड के तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा सेक्टरों से आए कुल 12 नृत्य दलों ने अपनी पारंपरिक लोककला का प्रदर्शन किया। करमा नृत्य प्रतियोगिता में जय शिव शारदा करमा पार्टी परसोदी कला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आदिवासी करमा दल पीपरखार द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में शैला पार्टी तराजू ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
करमा महोत्सव ने जनजातीय कलाकारों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत और सामुदायिक एकता के महत्व को भी सामने रखा। मांदर की थाप, करमा गीतों की गूंज और कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित यह महोत्सव स्थानीय लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री दिनेश साहू, एसडीएम रामराज सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत लखनपुर खुशबू शास्त्री, एसडीओ आरईएस, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, आकांक्षी विकासखंड फेलो सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
