रायपुर, 10 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना की कार्यप्रणाली, सिंचाई क्षमता और इससे किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। सरगुजा संभाग की अपनी तरह की पहली नवाचारी सिंचाई परियोजना की खासियत यह है कि इसमें बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा का उपयोग किए बिना केवल नदी के जल प्रवाह से खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खेती को समृद्ध बनाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे खेती की लागत कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण अनुकूल सिंचाई का यह मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी उपयोगी साबित हो सकता है।

इस योजना में नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पम्प संचालित किया जाता है। इसके लिए पहले से निर्मित एनीकट से लगभग 100 मीटर डाउनस्ट्रीम में एक प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पम्प स्थापित किया गया है। यह पम्प नदी तल से लगभग 12 मीटर की ऊंचाई पर स्थित और 200 मीटर दूर निर्मित वितरण टंकी तक अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाने में सक्षम है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है।

परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पम्प के संचालन के लिए किसी बाहरी ऊर्जा स्रोत की आवश्यकता नहीं होती। इससे पारंपरिक ईंधन की खपत और उससे होने वाले कार्बन उत्सर्जन से बचाव होगा। यह पहल हरित ऊर्जा, जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
लगभग 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस योजना से क्षेत्र के करीब 135 किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से लगभग 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों की वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम होगी और उन्हें अतिरिक्त फसल लेने के साथ कृषि उत्पादन बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को वर्षभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार का संकल्प है। पोंगरो की यह परियोजना बताती है कि स्थानीय संसाधनों और तकनीकी नवाचार के माध्यम से गांवों और खेतों तक विकास की नई संभावनाएं पहुंचाई जा सकती हैं। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई का दायरा विस्तृत करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
