रायपुर, 9 नवंबर 2026
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम खण्डसरा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने 20 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। सांसद श्री संतोष पांडेय भी इस अवसर पर मौजूद रहे। नए पंचायत भवन से ग्राम पंचायत के प्रशासनिक कार्यों के संचालन और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और सांसद श्री संतोष पांडेय ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बात रखी। उप मुख्यमंत्री ने एक-एक कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

ग्रामीणों से संवाद करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनता के बीच पहुंचें, उनकी समस्याओं को समझें और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। शासन की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि नवीन पंचायत भवन से ग्राम पंचायत की बैठकों, विकास कार्यों की समीक्षा, शासकीय योजनाओं की जानकारी और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। इससे पंचायत के कामकाज में सुगमता आएगी और स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों की भागीदारी भी बढ़ेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री राम कुमार भट्ट, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री नंद श्रीवास, श्री विदेशी राम धुर्वे, श्री लालचंद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
