रायपुर, 9 नवंबर 2026
दीपावली के पावन अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने बेलरिया पहुंचकर ग्रामवासियों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। गांव में उनके आगमन पर ग्रामीणों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। श्री चौधरी ने ग्रामवासियों के साथ संवाद करते हुए उनका हालचाल जाना और क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को ध्यानपूर्वक सुना।

ग्रामीणों ने वित्त मंत्री के समक्ष गांव की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़ी मांगों को रखा। श्री चौधरी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझें और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएं।

इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों से गांवों में विकास की गति तेज हो रही है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें। गांवों का समग्र विकास और नागरिकों की जरूरतों को पूरा करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि विकास की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा, जब वह गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। दीपावली के इस पावन अवसर पर ग्रामीणों से हुई यह मुलाकात आपसी संवाद, विश्वास और क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता का अवसर बनी।
