रायगढ़, 9 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय दीपावली पर्व के दूसरे दिन अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भुईयांपानी पहुंचे। यहां उन्होंने गुरुधाम में आयोजित दीप महोत्सव में शामिल होकर अपने आराध्य गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा जी एवं श्रीमती प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के समक्ष नमन किया और गुरु गद्दी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के साथ हनुमान मंदिर, वटवृक्ष और मां दुर्गा मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।
दीप महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपोत्सव का यह पावन पर्व हर घर में उजियारा और हर जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं प्रेम का प्रकाश फैलाए। गुरुदेव का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे। उन्होंने कहा कि गुरु का आशीर्वाद ही उनकी जनसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री श्री साय का अपने गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा जी के प्रति गहरा आध्यात्मिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। महज दस वर्ष की आयु से वे गुरुदेव के अनुयायी हैं और जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों एवं निर्णयों से पहले उनका आशीर्वाद लेना उनकी परंपरा रही है। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वे गुरु-शिष्य की इस परंपरा का पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के सान्निध्य ने उन्हें सेवा, सादगी और समर्पण का मार्ग दिखाया है। उनके संस्कारों और आशीर्वाद से ही वे जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ पा रहे हैं। गुरुदेव ने यह भी सिखाया है कि माता-पिता हमारे सबसे बड़े गुरु होते हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान से ही जीवन में सच्चा आनंद और पूर्णता प्राप्त होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मूल उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सरकार के लगभग तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की हर गारंटी को पूरा करने के संकल्प के साथ गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। वहीं, नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विश्वास और विकास के नए दौर की ओर आगे बढ़ रहा है।
श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी बढ़ रही है। भूमिहीन कृषि मजदूर सहायता योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से लोगों को घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए ई-गवर्नेंस प्रणाली को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। वहीं सेवा सेतु पोर्टल के जरिए विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन करने में सुविधा मिल रही है और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सरल एवं जनसुलभ बन रही है।
युवाओं के भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उद्योग, निवेश और अधोसंरचना के विकास के माध्यम से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति से निवेश की संभावनाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है, जहां प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और हर परिवार के जीवन में खुशहाली आए।
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम भुईयांपानी में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की योजना के अंतर्गत सात लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर भुईयांपानी के शिव मंदिर, गुरुमाता मंदिर, वटवृक्ष प्रांगण और हनुमान मंदिर में स्टील रेलिंग, स्टील जाली एवं टाइल्स लगाने के कार्यों की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम सिरकीनारा में पंचराम भगत के घर से मुख्य मार्ग तक तथा पंचायत भवन से मेहत्तर सिदार के घर तक सीसी रोड निर्माण कराने की घोषणा की। गांधी चौक में बोरवेल और पंप स्थापना का कार्य भी स्वीकृत करने की घोषणा की गई।
दीप महोत्सव के इस आयोजन में राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, पूर्व मंत्री श्री सत्यानंद राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भगत, सरपंच श्रीमती ललिता भगत, विजय शंकर पटनायक, शांता साय, जय प्रकाश साय, सहदेव पंडा, संजय पंडा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह भी मौजूद थे।
