रायपुर, 9 नवंबर 2026
जशपुर जिले के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा और 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को अक्सर मौसम और वर्षा पर निर्भर रहना पड़ता है। बगिया बैराज परियोजना पूरी होने से यह निर्भरता कम होगी और किसानों को खरीफ के साथ रबी फसल के लिए भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे किसान वर्ष में एक से अधिक फसल लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना की खासियत आधुनिक तकनीक आधारित सिंचाई व्यवस्था है, जिसका संचालन मोबाइल के माध्यम से किया जा सकेगा। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ में इस प्रकार की आधुनिक तकनीक पर आधारित पहली परियोजना बताया। इस व्यवस्था से जल प्रबंधन अधिक सुविधाजनक और प्रभावी होगा तथा किसानों को जरूरत के अनुसार सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को समय पर पानी मिले, कृषि उत्पादन बढ़े, खेती की लागत कम हो और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो। बैराज के निर्माण से वर्षभर जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इससे क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण आजीविका भी मजबूत होगी।
परियोजना के तहत मैनी नदी पर ग्राम मुसकुटी में बैराज का निर्माण किया जाएगा। यह स्थल मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है। परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भूमिपूजन के अवसर पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
