रायपुर, 2 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो-2026 के दौरान छत्तीसगढ़ की हरित ऊर्जा विकास और निवेश संभावनाओं पर केंद्रित पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के प्रदर्शनी स्टॉल पर इस पुस्तक का लोकार्पण किया। इसमें राज्य की नवीकरणीय ऊर्जा नीति, ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के अवसरों और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए की जा रही पहलों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
पुस्तक में छत्तीसगढ़ की रिन्यूएबल एनर्जी पॉलिसी के साथ ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्ध निवेश संभावनाओं, हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं तथा स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा विकास की दिशा में राज्य की संभावनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य निवेशकों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों को राज्य की नीतियों, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और नवाचार के नए अवसरों के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और निवेश के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को समझने के इच्छुक निवेशकों और संबंधित हितधारकों के लिए उपयोगी साबित होगी। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ की नवीकरणीय ऊर्जा नीति, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंच सकेगी।
कार्यक्रम में क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
