अम्बिकापुर, 2 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का जिला स्तरीय समारोह अम्बिकापुर के कला केंद्र मैदान में उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। समारोह में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए गए। वहीं, हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री, चेक, प्रमाण पत्र और नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। विद्यालयीन, महाविद्यालयीन और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू के गीत समारोह का प्रमुख आकर्षण रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच और ऐतिहासिक निर्णय का परिणाम है। राज्य निर्माण के 26 वर्ष पूरे होना प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि गठन के बाद से छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है और राज्य सरकार प्रदेश को विकास के सशक्त मॉडल के रूप में स्थापित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। गांव-गांव तक पक्की सड़क, आवास और बिजली जैसी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश का समग्र विकास किसानों, आदिवासियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान से जुड़ा है। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए किसान सम्मान निधि, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना और स्वाइल हेल्थ कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए नए धान खरीदी केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, उपलब्धियों और सामूहिक संकल्प को याद करने का भी अवसर है।
लुंड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को विकास की नई संभावनाओं से जोड़ते हुए प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मुख्य अतिथि श्री नेताम ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और हितग्राहियों को योजनाओं के तहत सामग्री एवं सहायता प्रदान की। पशुधन विकास विभाग की नर बकरा योजना के तहत दो हितग्राहियों को चेक दिए गए। कृषि विभाग ने पांच किसानों को स्वाइल हेल्थ कार्ड प्रदान किए, जबकि मत्स्य पालन विभाग की ओर से एक हितग्राही को आइस बॉक्स और जाल दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने तीन हितग्राहियों को हब के नियुक्ति पत्र और दो हितग्राहियों को सखी निवास के नियुक्ति पत्र वितरित किए।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तीन हितग्राहियों को खुशियों की चाबी सौंपी गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के 11 स्व-सहायता समूहों को चेक और दो समूहों को महतारी सदन के संचालन के लिए चाबी प्रदान की गई। इसके अलावा पर्यटन विभाग के तीन और जेल विभाग के दो हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए गए। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा एक हितग्राही को जाति प्रमाण पत्र तथा दृष्टिबाधित बच्चों के लिए दो हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग ने पांच हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। स्कूली छात्र-छात्राओं, सांस्कृतिक दलों और स्थानीय कलाकारों ने गीत एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू ने अपने लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय गायक स्वप्निल जायसवाल ने बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति देकर खूब सराहना बटोरी। मुकुल विश्वास, कल्पना गुप्ता, सीमा तिवारी, अमित श्रीवास्तव, पल्लवी एवं पलक पाण्डेय, प्रियांशु मिश्रा, हिमांगी त्रिपाठी और अस्मि वर्मा ने गीत प्रस्तुत किए। वहीं सिमरन प्रधान, सभ्या शर्मा, अक्षिता डबराल, सृष्टि भदौरिया, रघुवंश कुमार और आश्वी तिवारी ने नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कन्या शिक्षा परिसर, संगीत महाविद्यालय, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों की सामूहिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
राज्योत्सव परिसर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, बिहान, जनसंपर्क, स्कूल शिक्षा, पर्यटन, वन, समाज कल्याण, उद्यानिकी, कृषि, पशु चिकित्सा, मत्स्य, नगर निगम, आदिवासी विकास, महिला एवं बाल विकास, सरगुजा पुलिस, केंद्रीय जेल और राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। तिब्बती स्टॉल और रजवार भित्ति कला की प्रदर्शनी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं, सुविधाओं और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, अम्बिकापुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय खेस्स, नगर निगम आयुक्त श्री विनय अग्रवाल, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
