रायपुर, 2 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के डोम नंबर-2 में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग द्वारा लगाया गया स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का स्टॉल नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टॉल के माध्यम से लोगों को संपत्ति पंजीयन की आधुनिक प्रक्रिया, डिजिटल सुविधाओं और नागरिकों की सुविधा के लिए किए गए विभागीय नवाचारों की जानकारी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त एवं पंजीयन मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में प्रदेश में पंजीयन सेवाओं को सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में स्मार्ट पंजीयन कार्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है, ताकि रजिस्ट्री के लिए आने वाले नागरिकों को बेहतर सेवा अनुभव मिल सके।
स्मार्ट पंजीयन कार्यालयों में वातानुकूलित परिसर, आरामदायक वेटिंग लाउंज, निःशुल्क वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग स्टेशन, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और व्यवस्थित बैठक व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए प्रतीक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है, जबकि हेल्प डेस्क पर नागरिकों को पंजीयन संबंधी जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाता है।
राज्योत्सव के स्टॉल पर आगंतुकों को संपत्ति पंजीयन की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों, विभिन्न प्रकार के पंजीयन और रजिस्ट्री के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। विभाग के अधिकारी-कर्मचारी नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी कर रहे हैं।
विभाग का उद्देश्य पंजीयन कार्यालयों को केवल दस्तावेज पंजीकरण के केंद्र तक सीमित न रखकर आधुनिक, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने वाले नागरिक सेवा केंद्रों के रूप में विकसित करना है। राज्योत्सव में स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का स्टॉल इन प्रयासों और तकनीकी बदलावों से आम लोगों को परिचित कराने का माध्यम बन रहा है।
