रायपुर, 5 अक्टूबर 2026
बस्तर लंबे समय तक नक्सल हिंसा और भय से प्रभावित रहा, लेकिन अब क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर नक्सलवाद के लंबे और काले दौर से निकलकर अब समृद्धि की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच बढ़ने के साथ लोगों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत हो रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने यह बात जगदलपुर के पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में कही। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया और पात्र हितग्राहियों को वित्तीय सहायता, अधिकार अभिलेख, प्रमाण पत्र तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

श्री शर्मा ने नक्सली हिंसा और आईईडी विस्फोटों से प्रभावित नागरिकों तथा सुरक्षा जवानों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय विशेष शिविरों में पीड़ितों और दिव्यांगजनों को उच्च गुणवत्ता वाले कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने एक हितग्राही का अनुभव साझा करते हुए बताया कि कृत्रिम हाथ लगने के बाद उस व्यक्ति ने उसी हाथ से पानी की बोतल उठाकर पानी पिया। वर्षों बाद अपने हाथ से सामान्य काम कर पाने की खुशी इस बात को दर्शाती है कि पुनर्वास की ऐसी पहल किसी व्यक्ति के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकती है।

सेवा संकल्प शिविर में राजस्व विभाग ने आपदा प्रबंधन के तहत पांच बाढ़ प्रभावितों को कुल 6 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं 35 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। श्रम विभाग ने मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत एक हितग्राही को 20 हजार रुपये और मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत एक पात्र हितग्राही को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी।
कृषि विभाग की ओर से पांच किसानों को फसल बीमा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि मत्स्य पालन विभाग ने तीन मत्स्य पालकों को जाल वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड और पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए। शिविर में 12 नागरिकों के आधार विवरण का अद्यतन किया गया तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन से जुड़े आवेदन भी लिए गए।
बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयासों का सकारात्मक असर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, लंबे समय तक उग्रवाद से प्रभावित रहे इलाकों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
सांसद ने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, निःशुल्क राशन, पक्के आवास और शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है। सेवा संकल्प शिविरों से नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित रहे।
