गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 3 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में ‘विकसित भारत की कल्पना एवं 25 वर्षों के सेवा कार्य’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा के सभाकक्ष में हुई प्रतियोगिता में विद्यालय, संकुल और विकासखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मकता और विचार क्षमता का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में 30 और भाषण प्रतियोगिता में 31 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के जरिए विकसित भारत की अपनी कल्पना को कागज पर उतारा। उनकी चित्रकारी में विकास, आधुनिक तकनीक, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की तस्वीरें दिखाई दीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित, आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
भाषण प्रतियोगिता में प्राथमिक शाला बंधी, विकासखंड गौरेला की कक्षा पांचवीं की छात्रा प्रिंसी केवट ने ‘डिजिटल इंडिया’ विषय पर अपने विचार रखे। माध्यमिक शाला कोटखर्रा, विकासखंड मरवाही की कक्षा सातवीं की छात्रा प्रिंसी गुर्जर ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण दिया। दोनों छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान सहित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बच्चों को व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद और बॉडी लैंग्वेज से जुड़े उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा पहचानकर उसे लगातार निखारने और प्रत्येक अवसर से कुछ नया सीखने की अपील की।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, वरिष्ठ नागरिक श्री लालजी यादव, श्री राकेश चतुर्वेदी, श्री अरुण तिवारी, श्री अजय राय, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
