रायपुर, 16 नवंबर 2026। बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम भाठागांव (आर) में सोमवार को विकास और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कार्यक्रम में शामिल होकर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही आयुर्वेदिक अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण कर ग्रामीणों को नई सुविधाओं की सौगात दी। इस दौरान वे देवारी मिलन समारोह में भी शामिल हुए और ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, अस्मिता और गौरवशाली विरासत का प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा का अनावरण मातृभूमि के प्रति सम्मान और अपनी सांस्कृतिक पहचान के प्रति गौरव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, तीज-त्योहार और पारंपरिक रीति-रिवाज हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इन्हें संरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्राम भाठागांव में आयुर्वेदिक अस्पताल के शुरू होने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से माताओं और बच्चों को पोषण, देखभाल तथा प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण का आधार है।

इसके बाद मंत्री देवारी मिलन समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद किया और पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देवारी पर्व सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी ग्रामवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
समारोह के दौरान ग्रामीणों के स्नेह और आत्मीय स्वागत से अभिभूत मंत्री ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायक कुंवर सिंह निषाद, गुण्डरदेही जनपद पंचायत के सभापति कौशल किशोर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
