रायपुर, 4 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर में आयोजित पहले ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहा है। सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्व प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और उद्यान प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग श्री जेसन येओ और डायरेक्टर श्री लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में संस्थान की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन की कार्यप्रणाली के बारे में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी गई। उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरित क्षेत्र, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास में संस्थागत सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध वनों और जैव विविधता से संपन्न राज्य है। उन्होंने कहा कि गार्डन्स बाय द बे के अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए किया जा सकता है। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो सकते हैं।
सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। यह आयोजन SING फोरम की पूर्व संध्या पर हुआ, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन श्री मार्क ली और सीईओ श्री कोक पिंग सून सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
डिनर में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के साथ मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भी आयोजन में हिस्सा लिया। इस दौरान भारत के राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को लेकर संवाद हुआ।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंगापुर के उद्योग जगत के समक्ष छत्तीसगढ़ को उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधारों तथा एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने निवेशकों से ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सहभागी बनने और प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ सीईओ राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
