रायपुर, 16 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन किया है। इन सभी को मिलाकर प्रदेश को चार राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होंगे। नई दिल्ली में 20 नवंबर को आयोजित समारोह में यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित नगरीय निकायों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। इस सम्मान से नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उनके आर्थिक सशक्तीकरण के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की जानकारी दी है। भारत सरकार की ओर से राज्य शासन और संबंधित नगरीय निकायों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ का आयोजन 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश में नगरीय प्रशासन की बेहतर कार्यप्रणाली और छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
