बिलासपुर, 16 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने एक दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिलाध्यक्ष दीपक ठाकुर और मोहित जायसवाल ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

हेलीपैड पर संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान जनजातीय गौरव दिवस सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके इस दौरे को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
