रायपुर, 3 अक्टूबर 2026
महापल्ली निवासी किशोरचंद्र भोय ने शासकीय योजना से मिले अवसर और अपनी मेहनत के दम पर 50 हजार रुपये के ऋण से शुरू किए किराना कारोबार को परिवार की मजबूत आजीविका का आधार बना लिया है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के माध्यम से योजना की जानकारी और प्रशिक्षण मिलने के बाद उन्होंने ऋण लेकर घर से किराना दुकान की शुरुआत की। कारोबार बढ़ने के साथ अब वे महापल्ली के आश्रम रोड स्थित मुख्य मार्ग पर किराना स्टोर संचालित कर रहे हैं।
व्यवसाय से होने वाली आय ने किशोरचंद्र को परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां पूरी करने में मदद की। उन्होंने अपने दो पुत्रियों और एक पुत्र की पढ़ाई-लिखाई का खर्च इसी कारोबार की आय से उठाया। कारोबार बढ़ने के बाद सामान के परिवहन के लिए उन्होंने पिकअप वाहन भी खरीदा।
किराना व्यवसाय से हुई आमदनी का उपयोग उन्होंने परिवार के लिए पक्का मकान बनाने में भी किया। इस तरह एक छोटे स्तर से शुरू हुआ कारोबार धीरे-धीरे परिवार की जरूरतों को पूरा करने वाला प्रमुख आय का साधन बन गया।
किशोरचंद्र भोय बताते हैं कि योजना के तहत मिला ऋण उनके लिए अपना व्यवसाय शुरू करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ। उन्होंने मिले सहयोग को अपनी मेहनत से आगे बढ़ाया और आज किराना व्यवसाय उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। उन्होंने योजना के माध्यम से मिले सहयोग के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
