मुंगेली, 3 अक्टूबर 2026
मुंगेली जिले के ग्राम अमलीडीह की शीतला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने सामूहिक मेहनत और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर सब्जी उत्पादन को आय का बेहतर माध्यम बनाया है। समूह की महिलाओं ने ककड़ी सहित विभिन्न मौसमी सब्जियों की खेती से करीब डेढ़ से 2 लाख रुपये तक की आय अर्जित की है। इससे समूह की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ महिलाओं के आत्मविश्वास में भी बढ़ोतरी हुई है।
समूह की अध्यक्ष श्रीमती मंजू साहू ने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने से पहले महिलाएं मुख्य रूप से पारंपरिक खेती तक सीमित थीं। समूह के माध्यम से आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के बाद उन्होंने सब्जी उत्पादन को नए अवसर के रूप में अपनाया। बेहतर योजना, नियमित फसल देखभाल और समय पर सब्जियों के विपणन से उन्हें अच्छी आय प्राप्त हुई।
सब्जी उत्पादन से होने वाली अतिरिक्त आमदनी का उपयोग महिलाएं परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने, बच्चों की शिक्षा और कृषि गतिविधियों के विस्तार में कर रही हैं। खेती के साथ महिलाएं अब परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।
जिला प्रशासन की ओर से स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने, तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और बाजार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। शीतला स्व-सहायता समूह की महिलाओं की सफलता इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए सामूहिक प्रयास का उदाहरण है। समूह की महिलाओं ने खेती को केवल पारंपरिक गतिविधि तक सीमित रखने के बजाय इसे आय और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाया है।
