राजनांदगांव, 3 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत राजनांदगांव के डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में ‘मेरे सपनों का भारत’ जिला स्तरीय चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिले के सभी विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों ने चित्रों, पोस्टर, निबंध और भाषण के माध्यम से भारत के विकास और अपने भविष्य के सपनों को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए और विजेता विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों के सपनों और कल्पनाओं में भविष्य के भारत की तस्वीर दिखाई देती है। ‘मेरे सपनों का भारत’ के माध्यम से विद्यार्थियों को वर्ष 2014 के भारत, वर्तमान भारत और वर्ष 2047 के विकसित भारत की कल्पना को चित्र, पेंटिंग और निबंध के जरिए व्यक्त करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में आज के विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए वोकल फॉर लोकल और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से स्थानीय संसाधनों, कला, कौशल और उत्पादों के प्रति गौरव की भावना रखने का आह्वान किया।
प्रभारी मंत्री ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला और स्थानीय हस्तशिल्प को आगे बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के साथ नशामुक्ति और स्वच्छता जैसे सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र विद्यालय के ऑडिटोरियम के मरम्मत कार्य के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय और पांच अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की भी घोषणा की। इसके अलावा पेण्ड्री, मोहारा और शंकरपुर सहित अन्य स्कूलों में आवश्यक विकास कार्यों के लिए भी राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों द्वारा तैयार ड्राइंग और पोस्टर की प्रदर्शनी लगाई गई। भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से उनके आत्मविश्वास को मजबूती मिलती है। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और पालकों को भी बधाई दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, कला, कौशल और परिश्रम के साथ विद्यार्थियों में साहस, संवेदना और राष्ट्रहित की भावना विकसित करना भी जरूरी है। वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और विद्यार्थी शिक्षा, विज्ञान, कृषि, अर्थव्यवस्था तथा अन्य क्षेत्रों में योगदान देकर देश की प्रगति में भागीदारी निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू सहित जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थी उपस्थित रहे।
