बलरामपुर, 3 अक्टूबर 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद शुरू होने वाले इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि मतदाता पंजीयन एक सतत प्रक्रिया है। जिन पात्र लोगों के नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं या किसी कारण से नाम हट गया है, वे आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सहभागी बनने और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करने की अपील की है।
अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी वर्तमान मतदाता सूची का एसआईआर से पहले की सूची से मिलान करेंगे। इस दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। बीएलओ घर-घर जाकर संबंधित लोगों की वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे और पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरवाकर पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराएंगे।
प्रत्येक बीएलओ सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करेगा। इस प्रक्रिया को लगभग एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। घर-घर भ्रमण के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीयन भी कराया जाएगा।
अभियान में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तैयार की गई सूचियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएंगी। आवेदनों और सत्यापन प्रतिवेदन को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। अभियान के बाद बूथवार सूचियां भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिले में बूथ स्तर पर शिविर लगाने के साथ रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों और बेघर तथा वंचित वर्गों के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शैक्षणिक संस्थानों, स्वीप गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर संपर्क के माध्यम से मतदाता पंजीयन को लेकर जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी। अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि पात्र नागरिकों का पंजीयन सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर ने विशेष रूप से युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।
