बलरामपुर, 3 अक्टूबर 2026
बलरामपुर जिले के ग्राम पुटसुरा निवासी किसान श्यामदेव गुप्ता ने कृषक उन्नति योजना से मिले प्रोत्साहन के बाद अपनी खेती का दायरा बढ़ा लिया है। पिछले वर्ष जहां उन्होंने अपनी 4 एकड़ कृषि भूमि में से केवल डेढ़ एकड़ में अरहर और मक्का की फसल ली थी, वहीं इस वर्ष वे पूरी 4 एकड़ भूमि पर इन फसलों की खेती कर रहे हैं।
पिछले वर्ष अरहर और मक्का की खेती के लिए श्यामदेव गुप्ता को कृषक उन्नति योजना के तहत 15 हजार 300 रुपये की अनुदान राशि मिली थी। समय पर मिली इस सहायता से उनका खेती के प्रति भरोसा बढ़ा और उन्होंने अपनी पूरी कृषि भूमि का उपयोग करने का निर्णय लिया।
श्यामदेव बताते हैं कि योजना से मिले प्रोत्साहन ने उन्हें फसल विविधीकरण अपनाने और खेती का रकबा बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस वर्ष वे अपनी पूरी 4 एकड़ भूमि में अरहर और मक्का की फसल ले रहे हैं। उनका कहना है कि शासन की ओर से किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दिया जा रहा सहयोग खेती को आगे बढ़ाने में मदद कर रहा है।
कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को कृषि आदानों की व्यवस्था में सहयोग देकर उन्हें खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। श्यामदेव गुप्ता का अनुभव बताता है कि समय पर मिलने वाली सहायता से किसान अपनी उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करने और खेती का दायरा बढ़ाने की दिशा में कदम उठा सकते हैं। अब वे स्वयं खेती का क्षेत्र बढ़ाने के साथ आसपास के किसानों के लिए भी उदाहरण बने हैं।
