रायपुर, 30 सितंबर 2026
कांकेर जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर में सोलर पैनल इंस्टालेशन तकनीशियन कोर्स शुरू किया जा रहा है। निर्धारित 30 सीटों वाले इस पाठ्यक्रम के लिए युवाओं को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रवेश के लिए 1 अक्टूबर 2026 को कॉलेज परिसर में काउंसलिंग आयोजित होगी।
काउंसलिंग सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लाइवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर, कांकेर में होगी। प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए जिले के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के इच्छुक युवा इसमें शामिल हो सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान सोलर पैनल इंस्टालेशन से संबंधित आवश्यक तकनीकी कौशल सिखाए जाएंगे, ताकि वे इस क्षेत्र में रोजगार या स्वरोजगार के अवसर हासिल कर सकें।
काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, पहचान पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने जिले के योग्य और इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ लाइवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर पहुंचकर काउंसलिंग में शामिल होने की अपील की है। निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को सोलर पैनल इंस्टालेशन के क्षेत्र में तकनीकी दक्षता हासिल करने का अवसर मिलेगा।
