रायपुर, 28 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ को सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 के लिए चुना गया है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर रहेंगे और राज्य के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। फोरम के जरिए छत्तीसगढ़ अपनी निवेश संभावनाओं, विकास उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय SING फोरम 2026 में राज्य के एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को सामने रखेंगे। प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर के उद्योग जगत, उद्यमियों और निवेशकों के साथ संवाद कर छत्तीसगढ़ में दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग और निवेश के नए अवसरों पर चर्चा करेगा।
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित SING फोरम का यह पहला संस्करण है। इसमें सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख लोग और निवेशक शामिल होंगे। फोरम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ व्यापार और निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री के सिंगापुर प्रवास के दौरान कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी बातचीत होगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य प्रतिनिधिमंडल स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे के साथ बैठकें करेगा। इन बैठकों में कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग के अलावा वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े अनुभवों और संभावित साझेदारी पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने और राज्य के विकास के लिए नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वैश्विक स्तर की विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार को छत्तीसगढ़ से जोड़कर विकास के साथ रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के साथ सिंगापुर जाने वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार तथा मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) श्री उमेश अग्रवाल शामिल र
