रायपुर, 28 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 29 सितंबर को रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय ‘यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे कॉन्क्लेव में पहुंचकर युवा नवोन्मेषी विद्यार्थियों और स्टार्टअप उद्यमियों से संवाद करेंगे।
कॉन्क्लेव में युवाओं के नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े स्टार्टअप्स अपने नवाचारों, उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आयोजन के जरिए युवाओं को नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजन के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी अवलोकन करेंगे। केंद्र के माध्यम से नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप्स को तकनीकी सुविधाओं के साथ इन्क्यूबेशन संबंधी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
कॉन्क्लेव में बस्तर, सरगुजा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से उभर रहे नवाचारों को राज्य के स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से युवाओं को नए विचारों को नवाचार में बदलने और नवाचार को उद्यमिता का रूप देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
‘विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता’ की अवधारणा के साथ आयोजित यह कॉन्क्लेव युवाओं, नवोन्मेषी विद्यार्थियों और स्टार्टअप उद्यमियों को अपने विचार, उत्पाद और तकनीक प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध करा रहा है।
