मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के जन्मदिन पर आरंग में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने कराई जांच,बीपी, शुगर और ईसीजी सहित कई जांचें मुफ्त, ग्रामीणों को मिला विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श…..
आरंग (रायपुर)-प्रकाश कुमार यादव
छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के जन्मदिन के अवसर पर आरंग में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। श्री नारायणा हॉस्पिटल रायपुर के सहयोग से पीएम श्री अरुंधती देवी शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
इस दौरान दूर-दराज के ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में शिविर का लाभ उठाया। शिविर में बीपी, शुगर, ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में स्वयं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहे और उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है और शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो।” उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से क्योरबे एवं श्री नारायणा हॉस्पिटल के सहयोग से इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है।
मंत्री ने कहा कि इस तरह के शिविरों से खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलती है, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं।
शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लिए बेहद उपयोगी हैं और इससे जरूरतमंदों को समय पर इलाज और परामर्श मिल पाता है।
