रायपुर, 27 सितम्बर 2026
एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी को उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के जरिए बधाई दी। बातचीत के दौरान श्री साव ने संजू देवी की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और संघर्ष ने देश के साथ छत्तीसगढ़ का भी मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि संजू की सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने संजू देवी को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर बेहतर प्रदर्शन की कामना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की बेटी की यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। खेल के प्रति संजू का समर्पण और लगातार आगे बढ़ने का जज्बा उभरते खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देता है।

वीडियो कॉल के दौरान संजू देवी ने भी अपने खेल करियर को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार और खेल विभाग से मिले सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसरों में मिले इस सहयोग ने उन्हें अपने खेल को निखारने में मदद की है।

कोरबा की रहने वाली संजू देवी वर्तमान में बिलासपुर के बहतराई खेल अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। भारतीय कबड्डी टीम की महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए तीसरी स्वर्णिम सफलता हासिल की है। इससे पहले वह कबड्डी विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप में भी भारतीय टीम की विजेता अभियान का हिस्सा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि उनके समर्पण, संघर्ष और खेल के प्रति जुनून का परिणाम है। खासतौर पर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही प्रदेश की बेटियों के लिए उनकी यह सफलता एक सकारात्मक उदाहरण है। उन्होंने संजू देवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए देश और प्रदेश का नाम आगे भी रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
