प्रमुख मार्गों के उन्नयन, चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण पर जोर, स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश
रायपुर, 26 सितंबर 2026
राजधानी रायपुर में सड़क और सेतु से जुड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग ने निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में रायपुर परिक्षेत्र के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और आगे की कार्यवाही की जानकारी ली।
बैठक में रायपुर शहर के प्रमुख मार्गों पर चल रहे सड़क निर्माण कार्यों के साथ प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा आरओबी, आरयूबी और फ्लाईओवर निर्माण से संबंधित कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
सचिव श्री बंसल ने राजधानी के प्रमुख मार्गों के उन्नयन, चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और विद्युतीकरण से जुड़े प्रस्तावों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित कार्यों के प्राक्कलन शीघ्र प्रस्तुत करने और आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा।
उन्होंने स्वीकृति प्राप्त कर चुके कार्यों की निविदा प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों को समय पर शुरू किया जा सके। बैठक में रायपुर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए महत्वपूर्ण अधोसंरचना कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर जोर दिया गया।
8742 / कमलेश
