तारागांव में बैल खोलने खेत गए ग्रामीण को बचाव दल ने निकाला बाहर, कलमानार के 9 परिवारों को भी समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
रायपुर, 26 सितंबर 2026
नारायणपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच माड़ीन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई। ग्राम तारागांव में नदी के पानी के बीच फंसे 55 वर्षीय गोपी राम पटेल को जिला प्रशासन, पुलिस और नगर सेना की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, ओरछा विकासखंड के ग्राम कलमानार में नदी किनारे बसे 9 परिवारों को भी खतरे को देखते हुए समय रहते सुरक्षित स्थानों और उनके रिश्तेदारों के घर शिफ्ट कराया गया।
जानकारी के अनुसार तारागांव निवासी गोपी राम पटेल नदी किनारे स्थित अपने खेत में बंधे बैल को खोलने गए थे। इसी दौरान नदी का पानी अचानक तेजी से बढ़ गया और वे चारों ओर से पानी से घिर गए। अपनी जान बचाने के लिए गोपी राम पास स्थित एक आम के पेड़ पर चढ़ गए और काफी देर तक वहीं फंसे रहे।
ग्रामीण के फंसे होने की सूचना मिलते ही एसडीओपी छोटेडोंगर, जिला सेनानी नगर सेना के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी धौड़ाई के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर गोपी राम को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद उन्हें तत्काल धौड़ाई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें भोजन भी उपलब्ध कराया।
यह रेस्क्यू अभियान वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश और कलेक्टर के मार्गदर्शन में चलाया गया। प्रशासन, पुलिस और नगर सेना की टीमों ने आपदा की स्थिति को देखते हुए समन्वय के साथ कार्रवाई की।
इधर, ओरछा विकासखंड के ग्राम कलमानार में भी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए। नदी किनारे बसे 9 परिवारों को संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थानों और उनके रिश्तेदारों के यहां शिफ्ट कराया गया। प्रशासन की टीमें प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की लगातार निगरानी कर रही हैं।
भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों और नालों, निचले इलाकों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति या जलभराव की सूचना देने के लिए जिला कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07781-252214 पर संपर्क किया जा सकता है।
8744
