सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा, सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बाधामुक्त कार्यस्थल और तय समय में काम पूरा करने के दिए निर्देश
रायपुर, 25 सितंबर 2026
बरसात का दौर समाप्त होने के बाद लोक निर्माण विभाग अब निर्माण कार्यों के लिए उपलब्ध वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करने की तैयारी में है। अक्टूबर से सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों के निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने के साथ अप्रारंभ कार्यों को भी शुरू कराने की दिशा में विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने वरिष्ठ अधिकारियों और प्रदेश के विभिन्न परिक्षेत्रों के अभियंताओं के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति और आगामी तैयारियों की समीक्षा की।
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में हुई बैठक में सचिव ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं का तत्काल निराकरण करने और ठेकेदारों को बाधामुक्त कार्यस्थल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तय टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ें और समय-सीमा के साथ गुणवत्ता के मानकों का भी कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री, मशीनरी और मानव संसाधन की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। सचिव ने ठेकेदारों के साथ नियमित संवाद और बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि कार्यों की गति प्रभावित न हो। उन्होंने ठेकेदारों से भी अपने स्तर पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने और निर्धारित क्षमता के अनुरूप कार्य लेने की अपेक्षा की।
श्री बंसल ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को निर्देश दिए कि हर दो महीने में अनुविभागीय अधिकारियों, सहायक अभियंताओं, उप अभियंताओं और संबंधित ठेकेदारों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाए। उन्होंने सिविल तथा विद्युत-यांत्रिकी शाखा के अभियंताओं के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों शाखाओं के बीच तालमेल की कमी से किसी भी निर्माण कार्य की प्रगति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
सचिव ने एनआईटी तैयार करते समय कार्य पूरा करने की अवधि व्यावहारिक रखने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों का नियमित मूल्यांकन कर हर महीने भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों की गति बनी रहे।
बैठक में ठेकेदारों की समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की गई। श्री बंसल ने विभागीय प्रक्रियाओं, भुगतान व्यवस्था, कार्यों की समय-सीमा तय करने और ठेकेदारों से जुड़े नीतिगत विषयों पर सुझाव मांगे, ताकि निर्माण कार्यों को गति देने के साथ विभिन्न प्रक्रियाओं में लगने वाले समय को कम किया जा सके।
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने ठेकेदारों को 1 अक्टूबर से शुरू होने वाली नई टेंडर प्रणाली में नामांकन कराने और विभाग की ओर से दिए जा रहे प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए भी कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव और सीजीआरआईडीसी के अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्री शशांक पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
