नदी-नालों और उफनते जलस्रोतों से दूर रहने की अपील, जलमग्न पुल-पुलियों को पार न करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
रायपुर, 25 सितंबर 2026
प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पूरे प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों से बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी राहत एवं सहायता पहुंचाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी बारिश के कारण किसी क्षेत्र में जरूरत सामने आने पर प्रशासन तत्काल आवश्यक कदम उठाए और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है और जिला स्तर पर परिस्थितियों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि बारिश के कारण कहीं भी लोगों को सहायता की आवश्यकता हो तो तत्काल आवश्यक संसाधन जुटाकर राहत कार्य शुरू किए जाएं।
भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने कहा है। नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास जाने से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को पार करने का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है। जिन स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरियर लगाए गए हैं, वहां प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। उन्होंने विशेष रूप से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
उन्होंने बिजली से जुड़े संभावित खतरों को लेकर भी सावधानी बरतने कहा है। गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहने और ऐसी स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विभाग, स्थानीय प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की गई है। अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों की विशेष निगरानी रखने तथा उन्हें अकेले बाहर नहीं जाने देने का आग्रह किया गया है।
पहाड़ी इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने या आवाजाही करने वाले लोगों से भी अतिरिक्त सावधानी बरतने कहा गया है। मुख्यमंत्री ने अपील की कि मौसम की प्रतिकूल स्थिति में लोग केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों को गंभीरता से लें।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 अथवा स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से मौसम और राहत से जुड़ी जानकारी के लिए केवल शासन-प्रशासन तथा अन्य अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों या भ्रामक संदेशों को आगे नहीं बढ़ाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सतर्कता, संयम और परस्पर सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास किसी व्यक्ति को सहायता की आवश्यकता होने पर यथासंभव मदद करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।
