रायपुर, 22 सितंबर 2026
श्रम के क्षेत्र में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट योगदान करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ‘स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार-2025-26’ से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के लिए चयनित श्रमिक या संस्था को 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। श्रम विभाग ने इसके लिए पात्र आवेदकों से 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
यह पुरस्कार 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच श्रम क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को दिया जाएगा। खासतौर पर कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए प्रभावी उपाय करने वाले प्रयासों को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे कार्य भी चयन के लिए महत्वपूर्ण होंगे, जिनके परिणामस्वरूप पूरे वर्ष के दौरान कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई हो।
कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार और सुरक्षित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को भी पुरस्कार के लिए चयनित किया जाएगा। इसके अलावा ऐसे प्रयास, जिनसे श्रम क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित हुआ हो, पुरस्कार के लिए महत्वपूर्ण आधार माने जाएंगे।
श्रमायुक्त कार्यालय के अनुसार इच्छुक श्रमिक एवं संस्थाएं 5 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन, पुरस्कार से संबंधित नियम, पात्रता, प्रक्रिया और आवेदन प्रपत्र श्रम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
‘श्रम यशस्वी पुरस्कार’ के जरिए कार्यस्थल पर सुरक्षा, श्रमिकों के स्वास्थ्य और बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है। पुरस्कार से ऐसे श्रमिकों और संस्थाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, जिन्होंने सुरक्षित कार्य वातावरण तैयार करने और श्रमिक सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है।
