कबीरधाम में 8.10 करोड़ की सिंचाई परियोजना का शुभारंभ, 1540 एकड़ में पहुंचेगा पानी,6 गांवों के 800 किसानों को मिलेगा लाभ, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सारंगपुर में विकास कार्यों की भी घोषणा की….

0
WhatsApp Image 2026-03-29 at 8.32.14 PM(1)

रायपुर-प्रकाश कुमार यादव

कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से लंबित सिंचाई मांग को पूरा करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्राम सारंगपुर में 8.10 करोड़ रुपए की लागत से छीरपानी जलाशय से जुड़ी राम्हेपुर वितरक नहर एवं उससे संबद्ध माइनर नहरों के सीसी लाइनिंग कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। परियोजना पूर्ण होने के बाद कुल 1540 एकड़ कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे 6 गांवों के 800 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांव, गरीब और किसान को केंद्र में रखकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कहा कि नहरों की लाइनिंग से पानी का रिसाव रुकेगा, जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और नहरों के अंतिम छोर तक समान रूप से पानी पहुंच सकेगा। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों की आय भी बढ़ेगी।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही ग्रामीणों से भी अपील की कि वे इस कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं, जिससे योजना का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने सारंगपुर गांव के विकास के लिए 41 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण और मुख्य चौक पर भव्य डोम निर्माण की भी घोषणा की।

उन्होंने शासन की अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। साथ ही ग्राम पंचायत भवन में डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की राशि आसानी से उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सुविधा मिल रही है।
महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 25 किस्तों में 25 हजार रुपए की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित की जा चुकी है, जिससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिली है। इसके अलावा स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को संपत्ति अधिकार पत्र भी प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता और स्वामित्व स्पष्टता बढ़ेगी।

सिंचाई क्षमता में बड़ा इजाफा

वर्तमान में इन नहरों के माध्यम से लगभग 1045 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई हो रही है। परियोजना पूर्ण होने के बाद इसमें 495 एकड़ की अतिरिक्त वृद्धि होगी, जिससे कुल 1540 एकड़ क्षेत्र में नियमित सिंचाई संभव हो सकेगी।

13.65 किलोमीटर नहरों का होगा सुदृढ़ीकरण


परियोजना के तहत कुल 13.65 किलोमीटर लंबाई की नहरों का सीसी लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसमें राम्हेपुर वितरक नहर, सिल्हाटी माइनर-1 एवं 2, बघरा माइनर तथा राम्हेपुर टेल माइनर शामिल हैं। इसके अलावा आवश्यक पक्के निर्माण और मरम्मत कार्य भी किए जाएंगे, जिससे जल प्रवाह क्षमता और मजबूती बढ़ेगी।

6 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ


इस योजना से मानिकपुर, सिल्हाटी, बघर्रा, सारंगपुर कला, सिंधनुपरी एवं राम्हेपुर कला गांवों के किसान सीधे लाभान्वित होंगे। नहरों के सुदृढ़ीकरण से जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी और किसानों की वैकल्पिक सिंचाई साधनों पर निर्भरता कम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed