रायपुर, 13 सितंबर 2026
कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल कर नई पहचान बनाई है। वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च रिकवरी के लिए कारखाने को एफिशिएंसी अवार्ड मिला है। इस उपलब्धि के बीच कारखाने ने अपने करीब 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को त्योहारों से पहले बड़ी राहत दी है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर वितरण की शुरुआत की। यह लगातार तीसरा वर्ष है, जब शेयरधारी किसानों को इस दर पर शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों का अपना संस्थान है और इसकी सफलता में किसानों की मेहनत और सहभागिता सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार दो वर्षों तक सर्वाधिक रिकवरी हासिल करना केवल कारखाने की उपलब्धि नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण गन्ने के उत्पादन और किसानों के परिश्रम का परिणाम है। कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना ने इस उपलब्धि को और मजबूत किया है।

इस वर्ष कारखाने से जुड़े किसानों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है, जिससे अब लगभग 28 हजार किसान कारखाने के शेयरधारी हो गए हैं। इन्हीं किसानों को 50 किलो शक्कर 30 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर दी जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी व्यवस्था का लाभ सीधे उसके सदस्यों तक पहुंचना इसकी सबसे बड़ी विशेषता है और किसानों को मिल रहा यह लाभ उसी भावना का परिणाम है।
भोरमदेव कारखाने की उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी लक्ष्य तय किए गए हैं। पिछले वर्ष कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी, जिसे इस वर्ष बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने की योजना है। उप मुख्यमंत्री ने किसानों से अधिक संख्या में कारखाने के साथ अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि कारखाने का संचालन लगातार बेहतर तरीके से हो सके।

किसानों की सुविधा को देखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा भी की गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कारखाने से जुड़े किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था विकसित करना प्राथमिकता है।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि त्योहारों के समय किसानों को रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध होना उनके लिए खुशी की बात है। तीजा और गणेश चतुर्थी जैसे पर्वों के बीच मिलने वाली यह सुविधा किसानों के परिवारों तक त्योहार की मिठास पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि कवर्धा के किसानों की मेहनत और बेहतर गन्ना उत्पादन ने प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और गन्ने के उत्पादन को बढ़ाने का है। किसानों के हित में बोनस बढ़ाने के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार गन्ने की बेहतर रिकवरी से कारखाने को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए सर्वोच्च शुगर रिकवरी के कारण भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को एफिशिएंसी अवार्ड और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। लगातार दो साल मिली यह उपलब्धि कारखाने के साथ-साथ उससे जुड़े हजारों गन्ना किसानों के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू सहित जनप्रतिनिधि, कारखाना क्षेत्र के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
