रायपुर, 10 सितंबर 2026
धमतरी जिले के देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत के लिए लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बीच अब बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है। उनकी गंभीर स्थिति की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने शशिकांत से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तेजी से कदम उठाते हुए 9 सितंबर की शाम शशिकांत को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया। फिलहाल विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री ने उनके इलाज के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।
शशिकांत की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी वर्ष 2016 में हुए सड़क हादसे के बाद शुरू हुई थी। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और करीब 50 दिनों तक वे कोमा में रहे। हादसे के बाद सर्वाइकल संबंधी समस्या के चलते उनके हाथ-पैर की कार्यक्षमता प्रभावित हुई। परिवार ने अलग-अलग अस्पतालों में लंबे समय तक उपचार कराया, लेकिन उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।
ऐसे में एम्स जैसे बड़े चिकित्सा संस्थान में विशेषज्ञों की देखरेख में उपचार शुरू होना शशिकांत और उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण राहत माना जा रहा है। मुख्यमंत्री की पहल से न केवल उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा तक पहुंच मिली, बल्कि उपचार के खर्च के लिए आर्थिक सहारा भी उपलब्ध हुआ है।
मुख्यमंत्री से फोन पर हुई बातचीत और उपचार की व्यवस्था के बाद शशिकांत ने विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्वयं फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी लेना और तत्काल एम्स में इलाज की व्यवस्था के साथ 4 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करना उनके परिवार के लिए बड़ा संबल है।
शशिकांत के मामले में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह दिखाया कि गंभीर स्वास्थ्य जरूरत के समय समय पर चिकित्सा सुविधा और आर्थिक सहायता मिलना मरीज और उसके परिवार के लिए कितना महत्वपूर्ण हो सकता है। फिलहाल शशिकांत का उपचार एम्स रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
