रायपुर, 09 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ की महान पंडवानी गायिका पद्म विभूषण स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई की स्मृतियों को नमन करने राज्यपाल रमेन डेका बुधवार को उनके गृह ग्राम गनियारी पहुंचे। उन्होंने तीजन बाई के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और लोककला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि के बाद राज्यपाल ने तीजन बाई के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों का कुशलक्षेम जाना और उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल ने परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।

इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि तीजन बाई ने अपनी विशिष्ट कापालिक शैली और असाधारण प्रतिभा के जरिए पंडवानी को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राज्यपाल ने कहा कि तीजन बाई की कला-साधना और लोकसंस्कृति के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में तीजन बाई का योगदान हमेशा स्मरण किया जाएगा।
राज्यपाल के गनियारी प्रवास के दौरान वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
