रायपुर, 08 सितंबर 2026
कवर्धा शहर के न्यू कल्पना होटल में पिछले महीने हुई आगजनी के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे होटल संचालक रबी नारायण पात्रों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की अनुशंसा के बाद स्वीकृत सहायता राशि का चेक प्रतिनिधिमंडल ने होटल संचालक को सौंपा।
आगजनी की घटना में न्यू कल्पना होटल पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे रबी नारायण पात्रों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद उन्होंने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से सहायता के लिए तत्काल अनुशंसा की। इसके बाद 3 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत हुई और अब यह राशि चेक के माध्यम से होटल संचालक तक पहुंचाई गई है।
सहायता मिलने के बाद रबी नारायण पात्रों ने विजय शर्मा के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगजनी से कारोबार को हुए नुकसान के बीच मिली आर्थिक मदद से उन्हें दोबारा व्यवसाय खड़ा करने का हौसला मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सहयोग विपरीत परिस्थितियों से उबरने और होटल को फिर से शुरू करने में मददगार साबित होगा।
चेक प्रदान किए जाने के अवसर पर श्रीमती सतविंदर पाहुजा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अनिल साहू, एल्डरमेन संतोष भारती, लक्ष्मण यादव, शानू साहू, कमलेश द्विवेदी और भूपेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
7761/राठौर/गोपाल
