रायपुर, 01 सितंबर 2026
कोरबा जिले के जामबहार में बिजली व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने ग्राम पंचायत जामबहार में 3.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 के.वी. 5 एम.वी.ए. क्षमता के नए विद्युत सबस्टेशन का भूमिपूजन किया। इस सबस्टेशन के शुरू होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक सुचारू और गुणवत्तापूर्ण होने की उम्मीद है।
नए सबस्टेशन से जामबहार सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। कोरबा के रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा के साथ जामबहार, रोकबहरी, सोनपुरी, परसाबातेल और चुहिया में विद्युत व्यवस्था बेहतर होगी। इससे 4,500 से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और मौजूदा सबस्टेशनों पर बिजली का दबाव भी कम होगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नए सबस्टेशन के निर्माण से न केवल बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और बेहतर विद्युत सेवा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
मंत्री ने ग्रामीणों से केंद्र एवं राज्य सरकार की बिजली से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ और ‘बिजली बिल समाधान योजना’ का लाभ लेने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जनप्रतिनिधि रफीक मेमन, निगम पार्षद नरेंद्र देवांगन, सीमा कंवर, जामबहार सरपंच उपन सिंह कंवर सहित विद्युत विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
